हिमालय इंटरनेशनल स्कूल, धामनोद में निमाड़ सहोदय स्कूल कॉम्प्लेक्स द्वारा आयोजित नेतृत्व सम्मेलन में शिक्षा के भविष्य पर गहन विचार-विमर्श हुआ। इस कार्यक्रम में शिक्षकों और नेताओं को एक साथ लाया गया, जिसमें आधुनिक शिक्षा में सहानुभूति और छात्रों के कल्याण को प्रमुख विषय के रूप में रखा गया। मुख्य वक्ता सुप्रसिद्ध मैनेजमेंट गुरु एवं कॉलमिस्ट एन. रघुरामन ने शिक्षकों और प्राचार्यों के बीच सहानुभूति विकसित करने के महत्व पर जोर दिया और स्कूलों में नेतृत्व के लिए अधिक संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने की वकालत की। डॉ. संदीप पात्रे ने छात्रों की मनोविज्ञान को समझने के महत्व पर प्रकाश डाला, ताकि छात्रों के लिए एक पोषक और सहायक वातावरण बनाया जा सके। कार्यक्रम में एक विशेष पल था जब मजुमदार को शिक्षा के क्षेत्र में 65 वर्षों के उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। हिमालय इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक सुशील कोटवाले, प्राचार्य विशाल और चेयरपर्सन योगिता व्यास ने अतिथियों का स्वागत किया। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में 108 प्राचार्यों सहित कुल 350 शिक्षाविदों ने भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर सचिव शरद शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। सम्मेलन की शुरुआत सरस्वती पूजन और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के पूजन से हुई। कार्यक्रम में स्टूडेंट्स ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।


