बादलों से रात का पारा 2 डिग्री चढ़ा, 7.5 डिग्री दर्ज, दिन का लुढ़का, 25.5 डिग्री

भास्कर संवाददाता | सीहोर लगातार तेज ठंड के बीच, तापमान में सोमवार को मामूली राहत मिली है। बादलों के असर से रात के तापमान में सीधे 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, दिन के तापमान में 2 डिग्री की गिरावट देखी गई। ऐसे में सोमवार को अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अभी अंचल में बादलों का असर बना रहेगा। रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। वहीं, बादलों से फसलों में कीटों का प्रकोप भी बढ़ेगा। दिसंबर महीने के दूसरे सप्ताह से ही अंचल में तेज ठंड का असर बना हुआ है। सोमवार को रात के तापमान में बढ़ोतरी से ठंड से मामूली राहत मिली। लेकिन दिन में बादलों के कारण धूप का असर कम हुआ। ऐसे में सर्द हवाओं के असर से दिन में ठंडक महसूस होती रही। आरएई कॉलेज स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के विशेषज्ञ डॉ. सत्येंद्र सिंह तोमर ने बताया कि बादलों के कारण रात में तेज ठंड से राहत मिलेगी। लेकिन गेहूं और चने में जड़माऊ का प्रकोप बढ़ेगा। इसके साथ ही चने की फसल में इल्लियों का असर भी दिखाई देगा। ऐसे में किसानों को विशेष सावधानी बरतनी होगी। एक दिन पहले रविवार को अधिकतम तापमान 27.5 और न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, सोमवार को अधिकतम तापमान 25.5 और न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *