विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास करें: राजोला

भास्कर न्यूज| जैसलमेर इन-डीड फाउंडेशन द्वारा सोमवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय जैसलमेर में टाबर एजुटेनमेंट मेला 2025 का आयोजन किया गया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों में विज्ञान, गणित, तकनीक एवं नवाचार के प्रति रुचि विकसित करना तथा उन्हें अनुभवात्मक एवं आनंददायक सीखने के अवसर प्रदान करना रहा। इस मेले में जिले के लगभग 12 सरकारी विद्यालयों के करीब एक हजार विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों एवं प्रधानाचार्यों के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए कई रोचक, शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक स्टॉल लगाए गए। जिनमें रोबोटिक्स डेमोंस्ट्रेशन, साइंस इनोवेशन स्टॉल, आईआईटीयन स्टार्टअप द्वारा संचालित मैथ लैब, एएएस विद्यालय का एजुकेशनल स्टॉल, राजकीय बालिका विद्यालय द्वारा संचालित वोकेशनल ट्रेनिंग स्टॉल तथा मास्टर शेफ आधारित इंटरेक्टिव लर्निंग स्टॉल प्रमुख आकर्षण रहे। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी महेश कुमार बिस्सा अतिथि के रुप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी स्टॉल का अवलोकन किया। विद्यार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव और फीडबैक लिए तथा इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नवाचार पूर्ण आयोजन विद्यार्थियों के समग्र एवं व्यावहारिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान इन-डीड फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर प्रीतमसिंह ने मेले की विस्तृत जानकारी साझा की तथा शिक्षकों से आगे आकर ऐसे शैक्षणिक नवाचारों में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद छंगाणी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों को पाठ्य पुस्तकों से आगे बढ़कर वास्तविक जीवन से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। मेले का संचालन शीतल पुरोहित ने किया। इन-डीड फाउंडेशन के निदेशक विक्रम राजोला ने मेले की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आने वाले समय में विद्यार्थियों को तकनीक सक्षम, जिज्ञासु एवं आत्मनिर्भर बनना होगा। इसके लिए शिक्षा के साथ साथ प्रैक्टिकल एक्सपोजर पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। मेले में मिस्टर डेजर्ट धीरज पुरोहित व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंस मेघा व्यास ने भी सहभागिता की। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपनी प्रेरणादायक जीवन यात्रा साझा की और उन्हें अपने सपनों पर विश्वास रखते हुए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *