भास्कर न्यूज | जांजगीर जिला शीतलहर की चपेट में है। सोमवार को सुबह से शाम तक हल्के बादल छाए रहे। इसलिए रविवार की अपेक्षा ठंड कम रही। अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से तापमान बढ़ने की संभावना है। लेकिन ठंड से अभी राहत नहीं मिलेगी। शहर व ग्रामीण के कई हिस्से में सुबह घना कोहरा छाया रहा। ठंड के कारण लोगों की दिनचर्या बदल गई है। सुबह घूमने के लिए देरी से निकल रहे हैं। अभी तापमान में 1 से 2 डिग्री बढ़ाने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के बीच ही रहेगा। इससे ठंड से राहत नहीं मिलेगी। सुबह कोहरे के कारण वाहन चलाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


