पंडरिया नगर के रिहायशी क्षेत्र में रविवार रात पत्थर से सिर कुचल कर 23 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। नगर पालिका कार्यालय के पीछे, पुराने हॉस्पिटल परिसर के पास कुणाल पुंशेरे निवासी घोघरा पारा (पंडरिया) की खून से सनी लाश मिली। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के कुछ घंटों बाद ही 17 वर्षीय नाबालिग आरोपी खुद थाने पहुंचा। उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि मैंने उसे मार दिया। जानकारी के अनुसार, कुणाल की हत्या रविवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच की गई। वारदात के बाद कुणाल को पुराने हॉस्पिटल के पीछे छोड़कर आरोपी चला गया। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित किए पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नाबालिग है। आरोपी ने कहा कि वह पिछले 5-6 दिनों से कुणाल की हरकतों से परेशान था। हर बात पर चिढ़ाने से तंग आकर उसने गुस्से में पत्थर उठाकर हमला कर दिया। वार के बाद उसने कुणाल को वहीं छोड़ दिया और उसे यह नहीं पता था कि वह जीवित है या मृत। पंडरिया पुलिस मौके पर पहुंची। कुणाल को पंडरिया अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित किया। मामले में सीडीआर व अन्य सबूत जुटा रही है पुलिस घटना के बाद से पुराने हॉस्पिटल परिसर और आसपास के रिहायशी इलाके में भय का माहौल है। पंडरिया थाना प्रभारी नितिन तिवारी का कहना है कि नाबालिग से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल (सीडीआर) और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। और भी गिरफ्तारी हो सकती है। परिजन, समाज के लोगों ने थाने में किया हंगामा सोमवार दोपहर मृतक के परिजन और समाज के लोग बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए। इस दौरान थाने में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों का आरोप है कि इस हत्या में एक से ज्यादा लोग शामिल हैं, लेकिन पुलिस केवल एक आरोपी को सामने रखकर मामले को दबाने की कोशिश कर रही है। हंगामे के चलते सोमवार शाम करीब 5 बजे शव का पोस्टमार्टम किया गया। जताई आशंका, वारदात पूर्व नियोजित हो सकती है पुलिस की शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि वारदात पूर्व नियोजित भी हो सकती है। बताया जा रहा है कि कुणाल की गतिविधियों से परेशान कुछ युवक पहले से ही उसके खिलाफ थे। उसे नुकसान पहुंचाने की बातें चल रही थीं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हत्या में एक से अधिक आरोपी शामिल हो सकते हैं। जांच जारी है।


