छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में इस बार जबरदस्त ठंड का असर देखने को मिल रहा है। आसमान पर बादल छाए हुए हैं और सुबह से लेकर रात भर कड़कड़ाती ठंड पड़ रही है। न्यूनतम तापमान भी 11.2 डिग्री व अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं आने वाले समय में तापमान में और भी गिरावट होने की संभावना है। पिछले दो दिनों से तेज धूप नहीं निकलने और हल्की शीत लहर के चलने जैसे हालात बने हुए है। दोपहर में भी कई लोग ठंड से बचने के लिए जैकेट और अन्य कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। वहीं रविवार से शहर के कुछ इलाकों में हल्का कोहरा भी देखने को मिला। सोमवार रात चक्रधर नगर रोड, बोइरदादर से शालिनी स्कूल रोड, विजयपुर चौक रोड पर कोहरे का असर रहा। हांलाकि हल्के कोहरे के कारण विजिबिलिटी ठीक रही। जिससे वाहन चलाने में किसी प्रकार की समस्या नहीं हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में शाम से अलाव का सहारा शहर की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक ठंड का असर है। ऐसे में शाम 5 बजे से लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। यह तस्वीर महापल्ली क्षेत्र का है। जहां कुछ ग्रामीणों ने अपने घर व खेत के करीब अलाव जलाया। वहीं रात होने के बाद तेज ठंड से घरों में ही दुबके रहे। तापमान में होगी गिरावट मौसम विभाग के रिकार्ड के अनुसार, अगले 4 दिनों तक आसमान पर हल्के बादल छाए रहने का अनुमान है। वहीं गुरुवार तक न्यूनतम तापमान में 11 डिग्री रहने की संभावना है। इसके बाद शुक्रवार से 1 डिग्री और शनिवार से 2 डिग्री तापमान में गिरावट हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।


