रायपुर में युवक-युवती का ड्रग्स, कैश और मोबाइल के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 17 सेकेंड के इस वीडियो में युवक मोबाइल पर बात कर रहा। युवती वीडियो बनाते और गालियां देती नजर आ रही है। यह वायरल वीडियो अमलीडीह इलाके का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक टेबल में मोबाइल, पैसे और ड्रग्स (संभावित MDMA/कोकीन) की 19 लाइन खींची हुई टेबल में दिख रही है। लाइन के पास क्रेडिट कार्ड पड़ा हुआ है। इस वीडियो को युवती ने ही बनाया है। वीडियो वायरल होने के बाद प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी। पहले देखिए ये तस्वीरें… 6 महीने में पुलिस ने 79 पैडलर्स को पकड़ा था रायपुर में 6 महीने पहले भी इसी तरह के वीडियो सामने आए थे। जिसके बाद पुलिस ने अभियान चलाकर 79 पैडलर्स को गिरफ्तार किया था। आरोपियों को जेल भेजने के साथ करोड़ों का सामान भी जब्त किया। पुलिस की इस कार्रवाई से पैडलर कुछ दिन थमे, लेकिन नए साल के मद्देनजर रायपुर में फिर से एक्टिव हो गए हैं। गृहमंत्री बोले- जल्द करेंगे कार्रवाई इस मामले पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पिछले 2 महीने में तेज हुई है। पुलिस एंड टू एंड इन्वेस्टिगेशन कर रही है। नशे से जुड़े वायरल वीडियो की पहचान की जा रही है। दोषियों तक जल्द कार्रवाई कर पहुंचा जाएगा। अब पढ़िए MDMA ड्रग्स क्या, ये कितना खतरनाक ? MDMA यानी मिथाइलीनडाइऑक्सी मेथाम्फेटामाइन (MDMA) या मेफेड्रोन या एक्सटेसी। एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती और जया शाह के वॉट्सऐप चैट से इसकी चर्चा शुरू हुई। इसके एक ग्राम की कीमत करीब 15 हजार रुपए है। नशा करने वालों के बीच इसके और भी कोड नेम है। इसे लेने के बाद दिमाग में नशा चढ़ता है। मदहोशी आती है। अधिकतर लोग इसे मस्ती के लिए लेते हैं। ज्यादा मात्रा में एक साथ लेने पर यह जान के लिए खतरा तक बन सकती है। अब पढ़िए रायपुर शहर में क्या-क्या बिक रहा ? रायपुर पुलिस 2025 में अब तक नशा बेचने वाले 700 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। ये आरोपी रायपुर में गांजा, एमडीएमए, एलएसडी, ओजी (विदेशी गांजा) हेरोइन, नशे की गोलियां, अफीम, कफ सिरप को बेचते और उसे लाते हुए पकड़े गए। इन आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि, ये आरोपी ओडिशा से गांजा और महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब-हरियाणा से ड्रग्स लाते और उनको रायपुर सहित अन्य जिलों में बेचते हैं। छत्तीसगढ़ के अलावा दूसरे राज्यों में भी ये आरोपी नशीली सामग्री पहुंचा रहे हैं। रायपुर के होटलों, पब और फॉर्म हाउसों में आयोजित प्राइवेट पार्टियों में ड्रग्स को कोडवर्ड के सहारे बेचा जा रहा है। ये सब बात पुलिस की जांच में पहले भी सामने आ चुकी है। ………………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… रायपुर में ड्रग्स-सप्लाई…1600KM का बनाया स्मगलिंग रूट: पंजाब से लाए 80 लाख की हेरोइन, राजधानी में खपा रहे थे 9 डीलर्स, 4 नेटवर्क थे एक्टिव रायपुर पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) सप्लाई नेटवर्क को खत्म कर दिया है। 4 छोटे सप्लायर नेटवर्क ने पंजाब से रायपुर तक 1600KM लंबी सप्लाई चेन बना रखी थी। पुलिस ने एक साथ 9 सप्लायर्स को अरेस्ट किया। इनके पास से 400 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी कीमत 80 लाख रुपए है। पढ़ें पूरी खबर


