रेलवे ने यात्री ट्रेनों के किराए में बढ़ोतरी के बाद अब स्टेशनों पर कुलियों के शुल्क में भी इजाफा कर दिया है। इससे यात्रियों की जेब पर एक और भार बढ़ गया है। झांसी मंडल के अंतर्गत आने वाले रेलवे स्टेशनों पर कुलियों के लिए नई और एकरूप दरें लागू कर दी गई हैं। अब यात्रियों को सामान उठवाने के लिए पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना होगा। रेलवे ने पुराने शुल्क की तुलना में औसतन 45 से 50 फीसदी की बढ़ोत्तरी यात्रियों के सामान ढुलाई में की है। रेलवे स्टेशन ग्वालियर में हर दिन 60 हजार यात्रियों का आना जाना है। इनमें से 30 से 35 फीसदी यात्री सामान उठवाने में कुलियों की मदद लेते हैं। ठेला. व्हीलचेयर और स्ट्रेचर का शुल्क भी बढ़ाः नई दरों में पहिएदार ठेलों, व्हीलचेयर और स्ट्रेचर के शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है। पहले ठेले से 160 किलोग्राम तक सामान होने पर ग्राउंड लेवल पर 30 और एफओबी पर 100 रुपए लिए जाते थे, जिन्हें बढ़ाकर क्रमशः 120 और 150 रुपए कर दिए हैं। ग्राउंड लेवल और एफओबी पर बढ़े दामः नई व्यवस्था के तहत हाथ या सिर पर 37 से 40 किलोग्राम तक का सामान जमीनी स्तर पर ले जाने पर कुली 50 रुपए प्रति चक्कर शुल्क ले सकेंगे, जबकि पहले 40 रुपए थे। इसी तरह एफओबी पार करने पर अब ७० रुपए देने होंगे, जो पहले 50 रुपये थे। कुलियों द्वारा उठाने वाले लगेज की नई दर तय कुलियों द्वारा रेलवे स्टेशन में यात्रियों का जो सामान एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक भेजा जाता है, उसमें संशोधन किया गया है। नई दर जारी कर दी गई हैं। अधिक वसूली या किसी भी प्रकार की परेशानी की स्थिति में तुरंत संबंधित स्टेशन प्रबंधन से शिकायत यात्री कर सकते हैं। – मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, झांसी मंडल


