छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। उन्होंने जिला पुलिस कार्यालय की कई शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर उनकी जिम्मेदारियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव दिए। एसपी रवि कुमार कुर्रे ने पुलिस विभाग में पारदर्शिता, त्वरित कार्रवाई और नागरिक सेवा में सुधार लाने के लिए नीति और नीयत को प्राथमिकता देते हुए काम करने की बात कही। उन्होंने बेसिक पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाने, अपराधों की रोकथाम-निराकरण के लिए प्रभावी कदम उठाने और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निर्देश दिए। सभी को मिलकर काम करना होगा पुलिस अधीक्षक ने कहा कि, अपराधियों पर नियंत्रण रखने, जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और कानून का राज स्थापित करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। पुलिस की भूमिका केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने में भी महत्वपूर्ण है। संदिग्ध गतिविधियों की पुलिस को जानकारी दे जनता इसके लिए पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ काम करना होगा। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जनता और पुलिस के बीच विश्वास और सहयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या जानकारी पुलिस को तुरंत उपलब्ध कराएं, जिससे तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जा सके। मनेन्द्रगढ़ सेनानी में भी दी है सेवाएं बता दें कि, रवि कुमार कुर्रे भारतीय पुलिस सेवा (भा.पु.से.) के वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारी हैं। उन्होंने इससे पूर्व 18वीं बटालियन मनेन्द्रगढ़ में सेनानी के पद पर अपनी सेवाएं दी हैं। वहां उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था और सुरक्षा से संबंधित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।