राजस्थान के पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत और सहकारिता राज्यमंत्री गौतम दक ने रविवार को जसोलधाम में श्री राणीसा भटियाणीसा समेत अन्य देवी-देवताओं के दर्शन किए। दोनों मंत्रियों ने प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की और मंदिर परिसर का विस्तृत अवलोकन किया। मंत्री जोराराम कुमावत ने जसोलधाम की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान अध्यक्ष रावल किशन सिंह के मार्गदर्शन में यहां हो रहे विकास कार्य प्रदेश के अन्य धार्मिक स्थलों के लिए एक मिसाल हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि अन्य धार्मिक स्थल भी जसोलधाम की तर्ज पर विकास करें, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। सहकारिता राज्यमंत्री गौतम दक ने भी मंदिर की आधुनिक सुविधाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यहां यात्रियों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखा गया है और सभी भवनों में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। कार्यक्रम में मंत्रियों को श्री रावल मल्लीनाथ जी एवं श्री राणी रूपादे जी की तस्वीर के साथ महेचा राठौड़ों का इतिहास पुस्तक भेंट की गई। इस अवसर पर बालोतरा के उपखंड अधिकारी अशोक कुमार विश्नोई, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान, जसोल उपतहसीलदार गेनाराम, बालोतरा भाजपा जिला अध्यक्ष बाबूसिंह राजगुरु, सुमेरसिंह पोमावा सहित कई गणमान्य व्यक्ति और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


