जैसलमेर एसपी अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहनगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मोहनगढ़ थाना पुलिस ने सरकारी कम्पाउंडर पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में नामजद आरोपी वीरसिंह उर्फ बलवीरसिंह (59) पुत्र गुरबचनसिंह निवासी 9 एमजीडी, मोहनगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते धारदार हथियार से हमला कर सरकारी कम्पाउंडर को घायल किया था। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया। ड्यूटी पर जाते समय किया था हमला मोहनगढ़ थाना प्रभारी बाबूराम ने बताया- प्रतापेन्द्र कुमार सिंह निवासी अमरसागर ने 10 दिसंबर 2025 को मोहनगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके पिता रामलाल, जो पेशे से सरकारी कम्पाउंडर हैं, बीते 6 दिसंबर को अपने मुरब्बे से ड्यूटी के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आरोपी बलवीर सिंह ने उनका रास्ता रोक लिया और पुरानी रंजिश या अन्य कारणों से उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में कम्पाउंडर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस टीम ने आरोपी को दबोचा मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। इसके लिए एक पुलिस की टीम का गठन किया गया। थानाधिकारी बाबूराम के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिरों की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी वीरसिंह उर्फ बलवीरसिंह (59) पुत्र गुरबचनसिंह निवासी 9 एमजीडी, मोहनगढ़ को पकड़ा। पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम में ये रहे शामिल इस सफल कार्यवाही में थानाधिकारी बाबूराम के साथ ASI जालमसिंह, हैड कॉन्स्टेबल दिनेश कुमार, कॉन्स्टेबल प्रदीप कुमार, गोसांईराम और सुरेन्द्रसिंह की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब इस मामले में अन्य पहलुओं और हमले के पीछे के असल कारणों की जांच कर रही है।


