भास्कर न्यूज | अमृतसर अयोध्या धाम में श्री राम मंदिर की प्रथम वर्षगांठ पर मानसिंह गेट में रविवार को श्री हनुमान चालीसा पाठ और हरिनाम संकीर्तन किया गया। अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में करवाया धार्मिक समारोह में दुर्ग्याणा तीर्थ के श्री लक्ष्मी नारायण सेवा दल की ओर से सर्वप्रथम गणेश वंदना गाई गई। सुंदर फूलों से सजे पंच पर प्रभु श्री राम जी की प्रतिमा विराजमान करके पवित्र ज्योति जलाई गई। इसके बाद पंडितों ने मंत्रोच्चारण करके प्रभु की आरती उतारी। समारोह का शुभारंभ संजीव खन्ना की तरफ से हरिनाम संकीर्तन करके किया गया। उन्होंने ‘राम को देखा श्याम को देखा’ भजन गाया। जिसे सुनकर भक्तजन भक्ति रस में डूब गए। इसके बाद 7 बार श्री हनुमान चालीसा के पाठ उपरांत राम नाम की धुन लगाई गई। इसके बाद ठाकुर जी को फलों और मिठाई का भोग लगाकर उसका प्रसाद बांटा गया। आरती के साथ ही समारोह का समापन किया गया। इस मौके पर अनिल शर्मा, महामंत्री संजीव खन्ना, कपिल मेहरा, रॉबिन कोहली, शिवम समेत कई भक्तजन मौजूद थे।


