बावा लाल दयाल जी के 670 वें जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में पुतली घर रणजीत पुरा से प्रभात फेरी निकाली गई। कर्मों ड्योढ़ी गद्दी बावा लाल दयाल जी के पीठाधीश्वर महंत श्रीश्री 108 अनंतदास जी महाराज के आदेशों में निकाली प्रभात फेरी में कई भक्तजन पहुंचे। सुंदर फूलों से सजी पालकी में बावा लाल दयाल जी के विराजमान किया गया। रणजीत पुरा स्थित सेवादार दिनेश शर्मा के घर से निकाली प्रभात फेरी के आगे-आगे झंड़ा लेकर भक्तजन चल रहे थे। फूलों की वर्षा करके भक्तों ने फेरी का स्वागत किया। रणजीतपुरा से शुरु होकर फेरी सेवा नगर, गुरु नानक वाड़ा, आजाद नगर, पुतलीघर, शिमला मार्केट, रामतीर्थ रोड, ग्वालमंडी में जा कर समाप्त हुई।
इस मौके पर भक्तों की ओर से बावा जी का गुणगान किया गया। ढोल की थाप पर भजन गाते भक्तजन फेरी के पीछे-पीछे चल रहे थे। रास्ते में भक्तों ने प्रभात फेरी पर पुष्प वर्षा करके बावा जी की आरती उतारी। जबकि फेरी में शामिल संगत को कई तरह का प्रसाद लंगर के तौर पर बांटा गया। इस मौके पर मनीष मदान, सुभाष हांडा, रमन, प्रदीप, सुधीर हांडा, राकेश आनंद समेत कई भक्त मौजूद थे।


