कोरबा जिले में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व जनपद सदस्य अक्षय गर्ग की हत्या कर दी गई। उन पर कार सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया था। गंभीर रूप से घायल गर्ग ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। यह घटना आज सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच ग्राम केशलपुर में हुई। अक्षय गर्ग अपनी PMGSY सड़क निर्माण साइट पर मौजूद थे, तभी एक काले रंग की कार में सवार होकर आए तीन लोगों ने उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने चाकू और टांगी जैसे धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया। हमले में अक्षय गर्ग के हाथ, सिर, गर्दन, पेट, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरे घाव लगे। उन्हें तत्काल कटघोरा के स्थानीय अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हत्या की खबर से कटघोरा सहित पूरे जिले में सनसनी फैल गई है। कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और स्थिति पर नजर रख रहे हैं। जिला पुलिस के आला अधिकारी भी कटघोरा और घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में शोक के साथ-साथ आक्रोश और भय का माहौल है। परिजन, शुभचिंतक और बड़ी संख्या में कटघोरावासी अस्पताल के सामने जमा हैं।


