नीमच जनपद क्षेत्र के बिसलवास खुर्द में डोम निर्माण कार्य छह माह से अटका हुआ है। इसको लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। सोमवार रात गांव के भेसा श्री माताजी मंदिर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और उन्होंने नरबाजी करते हुए अपना विरोध जताया। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया है कि यदि सात दिन के भीतर डोम का निर्माण कार्य शुरू नहीं होता है, तो सभी भाजपा समर्थक ग्रामीण पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे। ग्रामीणों, जिनमें नेमप्रकाश नागदा, राधेश्याम और रत्नलाल नागदा शामिल हैं, ने बताया कि छह माह पहले विधायक निधि से डोम निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हुई थी। 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस डोम के लिए लगभग 13.50 लाख रुपये पंचायत के खाते में आ चुके हैं। इसके बावजूद, छह महीने से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। कुछ समय पहले कुछ लोगों ने निर्माण पर आपत्ति जताई थी, लेकिन बाद में उन्होंने भी सहमति दे दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि विधायक दिलीप सिंह परिहार भूमि पूजन करेंगे, जिसके बाद काम शुरू होगा। हालांकि, विधायक ने कई बार आने का समय दिया, लेकिन वे गांव नहीं पहुंचे। ग्रामीणों ने भाजपा पदाधिकारियों से भी लगातार चर्चा की है, लेकिन कोई ठोस परिणाम नहीं निकला। इसी के चलते ग्रामीणों ने सात दिन का अल्टीमेटम दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, बिसलवास खुर्द में 700 मतदाता हैं, जिनमें से लगभग 600 मतदाता भाजपा समर्थक हैं।


