सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरिया चौराहे स्थित टाउन हॉल में सोमवार रात एक अज्ञात युवती ने चौकीदार पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल चौकीदार को प्राथमिक उपचार के बाद रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। नगर निगम में चौकीदार के पद पर पदस्थ रामसुख पयासी (60) रात 10 बजे टाउन हॉल में अपनी ड्यूटी पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि तभी करीब 24 वर्षीय एक युवती उनके पास आई और जरूरी कॉल करने के लिए उनका मोबाइल फोन मांगा। चौकीदार ने उसे फोन दे दिया। युवती ने चाकू से हमला किया युवती ने किसी को फोन नहीं लगाया, बल्कि फोन लेकर भागने लगी। जब चौकीदार रामसुख पयासी ने उसे पकड़कर अपना मोबाइल वापस छीन लिया, तो युवती गुस्से में आ गई। उसने अचानक चौकीदार पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में रामसुख पयासी की कमर के पास गहरा घाव हो गया। जब तक चौकीदार संभल पाते, युवती मौके से फरार हो गई। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने तत्काल कोलगवां पुलिस को सूचना दी। घायल चौकीदार रीवा रेफर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चौकीदार को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस अज्ञात युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है।


