धार जिले के राजगढ़ से बाग तक के रोड का नवीनीकरण किया जाएगा। करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले इस काम से जर्जर सड़क से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों के अनुसार, नवीनीकरण कार्य आगामी जनवरी माह से शुरू हो सकता है। एमपीआरडीसी धार के अधिकारी अमित भूरिया ने बताया कि लगभग 50 किलोमीटर लंबे राजगढ़-बाग मार्ग के सुधार का काम जल्द शुरू किया जाएगा। विभाग ने इस परियोजना को छह माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। नवीनीकरण से पहले विभागीय अधिकारियों द्वारा मार्ग का निरीक्षण भी किया जा चुका है। कई जिलों और गुजरात को जोड़ने वाला अहम रास्ता राजगढ़-बाग मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है। इस सड़क से रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। यह मार्ग न सिर्फ कुक्षी बल्कि अलीराजपुर जिले को भी जोड़ता है। इसके अलावा गुजरात की ओर आने-जाने वाले वाहन भी बड़ी संख्या में इसी रास्ते से गुजरते हैं, जिससे यहां यातायात का दबाव बना रहता है। गड्ढों से राहत, हादसों में कमी की उम्मीद लंबे समय से सड़क की खराब हालत के कारण वाहन चालकों, बस यात्रियों और स्थानीय ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। जगह-जगह गड्ढों के चलते दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था। नवीनीकरण के बाद यात्रा सुगम होगी, समय की बचत होगी और सड़क हादसों में कमी आने की उम्मीद है।


