अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के 58वें प्रांत अधिवेशन से पहले झाबुआ में छात्र राजनीति से जुड़ी एक महत्वपूर्ण घोषणा हुई है। दर्शन कहार को एक बार फिर मालवा प्रांत मंत्री नियुक्त किया गया है। इस घोषणा के बाद सोमवार रात झाबुआ में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार रैली निकाली और आतिशबाजी कर जश्न मनाया। नियुक्ति की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र और परिषद के कार्यकर्ता एकत्रित हुए। उन्होंने शहर के प्रमुख मार्गों से रैली निकाली, जिसमें कार्यकर्ता दर्शन कहार के समर्थन में नारे लगा रहे थे। इस दौरान ढोल-धमाकों और पटाखों की गूंज सुनाई दी। अपनी पुनः नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए दर्शन कहार ने अपनी प्राथमिकताएं बताईं। उन्होंने कहा कि आगामी 28 से 30 दिसंबर तक होने वाले 58वें प्रांत अधिवेशन से पहले संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। कहार ने आगे कहा कि विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों की समस्याओं को खत्म करना और उनकी आवाज बुलंद करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। इस अवसर पर जिले के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में कॉलेज छात्र मौजूद थे। उन्होंने दर्शन कहार को बधाई दी और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। उपस्थित कार्यकर्ताओं में भूमिका पवार (विभाग छात्रा प्रमुख), अजय भूरिया (जिला संयोजक), अमित चौहान (नगर मंत्री), दिनेश परमार और जीत ट्रेलर शामिल थे।


