कोटपूतली में एडीएम ओमप्रकाश सहारण ने नगर परिषद कोटपूतली के प्रशासक का कार्यभार ग्रहण किया है। उन्होंने यह पदभार नगर परिषद बोर्ड का कार्यकाल समाप्त होने के बाद संभाला। निदेशक एवं विशिष्ट सचिव, स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर द्वारा जारी अधिसूचना के अनुपालन में सहारण को यह जिम्मेदारी दी गई है। वे निर्वाचन बोर्ड के गठन होने तक नगर परिषद कोटपूतली के प्रशासक के रूप में कार्य करेंगे। कार्यभार ग्रहण करने के बाद एडीएम सहारण ने अपनी प्राथमिकताएं बताईं। उन्होंने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था सुधारना, रोड लाइट्स, जल भराव, सड़क व्यवस्थीकरण, ड्रेनेज सिस्टम में सुधार और कचरा संग्रहण उनकी मुख्य प्राथमिकताएं होंगी। साथ ही, आमजन की शिकायतों का त्वरित निपटारा भी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सजग होकर आमजन से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लें और उन पर कार्य करें। उन्होंने नगर परिषद की कार्यप्रणाली को और अधिक सुचारू बनाने, सफाई सहित अन्य आधारभूत कार्यों के लिए विशेष कार्य योजना बनाकर उन्हें नियमित रूप से पूरा करने पर जोर दिया। सभी कार्य ई-फाइल के माध्यम से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। एडीएम सहारण ने नगर परिषद कार्यालय का निरीक्षण भी किया। उन्होंने नगर परिषद आयुक्त नूर मोहम्मद से विभिन्न अनुभागों और उनकी कार्य व्यवस्था के बारे में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर परिषद सभापति पुष्पा सैनी का कार्यकाल 20 दिसंबर को समाप्त हो गया था। उनके कार्यकाल के दौरान कोटपूतली की बी श्रेणी नगर पालिका वर्ष 2022 में सीधे नगर परिषद में क्रमोन्नत हुई थी। इसके अतिरिक्त, सीवरेज लाइन जैसी बहुप्रतीक्षित योजना भी कोटपूतली को इसी अवधि में मिली। इस मौके पर नगर परिषद आयुक्त नूर मोहम्मद, एक्सईएन दीपक मीणा, सचिव अभिषेक सैनी, राजस्व अधिकारी कृष्ण यादव, जेईएन कृष्ण गुर्जर सहित अन्य अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।


