बालोद में हाईवा की चपेट में आया बाइक सवार, मौत:पटवारी का बेटा था मृतक युवक, गुंडरदेही-राजनांदगांव मार्ग पर हादसा

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के अर्जुन्दा क्षेत्र में रेत से भरे तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार युवक को चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सोमवार शाम करीब 4 बजे राजनांदगांव–बालोद मुख्य मार्ग पर दाउ पारा स्थित निर्मल किराना दुकान के सामने हुआ। मृतक की पहचान बोरगहन निवासी राजा गौठिया (27 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि राजा अर्जुन्दा के दाउ पारा से लौट रहा था, तभी सामने से आ रहे रेत से भरे हाइवा ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का सिर फट गया और अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीएम रिपोर्ट के बाद शव परिजनों को सौंपा घटना के बाद शव को अर्जुन्दा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह 11 बजे गुंडरदेही में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने बताया कि मृतक के पिता रमेश गौठिया जल संसाधन विभाग में नहर पटवारी के पद पर कार्यरत हैं। वे मूल रूप से जबलपुर के निवासी हैं और लंबे समय तक टिकरी में रहने के बाद वर्तमान में बोरगहन में निवासरत हैं। रेत से भरे हाइवा से आम जनता परेशान स्थानीय नागरिक शुभम यदु और पंकज नायक ने बताया कि रोजाना गुंडरदेही से राजनांदगांव की ओर सैकड़ों रेत से भरे हाइवा दिन-रात दौड़ते हैं। इनके संचालन का कोई निश्चित समय नहीं है। कई हाइवा क्षमता से अधिक रेत भरकर चलते हैं, जिससे सड़क पर रेत गिरती रहती है और हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों का आरोप है कि हाइवा मालिक जल्दबाजी और अधिक मुनाफे के लालच में न तो ग्रीन नेट लगाते हैं और न ही नियमों का पालन करते हैं। इसके बावजूद आरटीओ, यातायात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। डेढ़ महीने में तीसरी बड़ी घटना स्थानीय लोगों ने बताया कि यह हादसा बीते डेढ़ महीने में तीसरी बड़ी घटना है। 20 नवंबर को परसतराई निवासी एक युवक को अर्जुन्दा बस स्टैंड में तेज रफ्तार रेत से भरे हाइवा ने कुचल दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। उसी दिन शाम 4 बजे दाउ चौक में ही एक अन्य हाइवा ने साइकिल सवार बुजुर्ग को चपेट में ले लिया था। जिसमें उसका पैर फ्रैक्चर हो गया था। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद हाइवा चालकों की मनमानी जारी है। जिससे गुंडरदेही से राजनांदगांव मार्ग पर छोटे वाहन चालकों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *