कोटा में अब टूरिज्म को बढ़ावा देने को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत कोटा में कई आयोजन होने है। वहीं कोटा में पयर्टन को बढ़ावा देने के लिए मुकुंदरा टाइगर रिजर्व पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी तैयार की गई है।
मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिज़र्व की अद्भुत प्राकृतिक विरासत और समृद्ध जैव विविधता पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘एन्चैंटिंग मुकुंदरा’का पोस्टर और ट्रेलर बुधवार को जारी किया गया है। फिल्म अगले महीने यूट्यूब पर लॉन्च होगी। वहीं कोटा में फरवरी में होने वाले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टीवल में देश विदेश के फिल्मकारों के सामने बडे़ पर्दे पर फिल्म को दिखाया जाएगा। डॉक्यूमेंट्री के पीछे का मकसद मुकुंदरा अभ्यारण के बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों तक जानकारी पहुंचाना है जिससे कि लोग कोटा पहुंचे। इस दौरान संभागीय मुख्य वन संरक्षक सुगनाराम जाट और मुख्य वन संरक्षक सोनल जोरिहार मौजूद रहे। डॉक्यूमेंट्री के निर्माता कौशल बंसल, डॉ. कपिल सिद्धार्थ और अलौकिक जैन हैं। ट्रेलर में मुकुंदरा की घनी वन राशि, नदियां, घाटियां और बाघ, तेंदुआ, स्लॉट बियर, सांभर, चीतल सहित दुर्लभ वन्यजीवों के दृश्य दर्शकों को प्रकृति की गोद में ले जाते हैं। आधुनिक सिनेमैटोग्राफी और प्रभावशाली संगीत फिल्म को और भी जीवंत बनाते हैं। इस दौरान सुगनाराम जाट ने कहा कि यह फिल्म केवल दृश्यात्मक प्रस्तुति नहीं है, बल्कि वन संरक्षण और जैव विविधता के महत्व का सशक्त संदेश देती है। मुकुंदरा रामगढ़ टाइगर संस्था के सचिव कौशल बंसल ने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री कोटा को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


