वकील पर हमले का आखिरी आरोपी गिरफ्तार:अशोकनगर कोर्ट से लौटते समय किया था हमला, पांच पहले ही हो चुके थे गिरफ्तार

अशोकनगर पुलिस ने एडवोकेट अनिल अग्रवाल पर हमले के मामले में फरार चल रहे आखिरी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सरवन (28 वर्ष), जो ग्राम खैरभान का निवासी है, उसे शहर के पुराने बस स्टैंड से पकड़ा गया। वह वहां घूमता हुआ मिला था। कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप चौहान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर फरार चल रहे आखिरी आरोपी को गिरफ्तार करने हेतु तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। यह घटना बीते दिनों कोतवाली थाना क्षेत्र के पूजा पेट्रोल पंप के पास हुई थी। जिला न्यायालय से लौट रहे एडवोकेट अनिल अग्रवाल पर प्रदीप सरदार और उसके पांच साथियों ने जानलेवा हमला किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में तुरंत प्रकरण दर्ज कर लिया था। घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को दूसरे ही दिन गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो अन्य आरोपियों को कुछ समय बाद पकड़ा गया। हालांकि, सरवन घटना के समय से ही फरार चल रहा था। मंगलवार को आरोपी के बस स्टैंड पर घूमने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *