पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के बैंक कॉलोनी स्थित एक घर में अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए की चोरी को अंजाम दिया है। यह घर कोलकाता के सिविल सर्जन जयंतो शुक्ल की पत्नी के नाम पर है। परिवार पिछले तीन महीने से कोलकाता में रह रहा था, जिसके कारण घर खाली था। चोरों ने खिड़की के रास्ते घर में प्रवेश किया। उन्होंने घर में रखे फ्रिज, एसी का कंप्रेसर, बिजली का सामान, खिड़की की एल्युमीनियम शीट, बाथरूम के नल, अलमारी में रखी साडियां, चादरें और अन्य घरेलू सामान चुरा लिए। चोरी की जानकारी आस-पास के लोगों ने गृह स्वामी के साले मनोजित पांडे को दी। सूचना मिलते ही मनोजित पांडे मौके पर पहुंचे और घटना का मुआयना किया। उन्होंने तुरंत अपने जीजा, सिविल सर्जन जयंतो शुक्ल और नगर थाने को चोरी की सूचना दी। थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। मनोजित पांडे ने बताया कि चोरों ने घर के वायरिंग और बाथरूम के वाटर पाइप को भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। उन्होंने अनुमान लगाया कि लाखों रुपए का नुकसान हुआ है और घर को नए सिरे से मरम्मत कराना होगा। मनोजित पांडे के अनुसार, जयंतो शुक्ल के कोलकाता से आने के बाद ही चोरी की सही रकम का पता चल पाएगा। थाना प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है और मामले की छानबीन की जा रही है। इस घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में भय का माहौल देखा जा रहा है।


