अवैध डीजल-पेट्रोल कटिंग का वीडियो:शाहपुरा-भिटोनी क्षेत्र में टैंकरों से चोरी के आरोप, जांच के निर्देश

जबलपुर के शाहपुरा-भिटोनी क्षेत्र में अवैध रूप से पेट्रोल और डीजल की कटिंग के आरोप फिर सामने आए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि टैंकरों के माध्यम से यह गतिविधियां लंबे समय से चल रही हैं। इस क्षेत्र में हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के प्लांट हैं, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों टैंकरों से पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति होती है। आरोप है कि कुछ टैंकर चालक इसी का फायदा उठाकर स्थानीय लोगों के साथ मिलकर टैंकरों से पेट्रोल-डीजल निकालते हैं और उसे आगे बेच देते हैं। यह भी बताया गया है कि पूर्व में भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। भिटोनी स्टेशन पर मालगाड़ी के रैक से पेट्रोल-डीजल की कटिंग करते हुए पकड़े जाने के मामले पहले भी उजागर हुए थे। ताजा मामला खरका खेड़ा मोड़ का है, जहां दुकानों के पीछे एक टैंकर खड़ा कर उसमें से पेट्रोल और डीजल की कटिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो के सामने आने के बाद आरोप लग रहे हैं कि यह पूरा नेटवर्क संगठित रूप से काम कर रहा है। वायरल वीडियो के संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने कहा कि यदि यह वीडियो शाहपुरा-भिटोनी क्षेत्र का है, तो संबंधित थाने को सूचित कर मामले की जांच कराई जाएगी। पुलिस ने बताया कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *