दमोह के बटियागढ़ थाना क्षेत्र में पुलिया से गिरे डंपर हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। जबलपुर में इलाज के दौरान तीसरे घायल युवक शाहबाज हुसैन की मौत हो गई। वहीं, एक चौथे व्यक्ति के डंपर में दबे होने की आशंका के चलते मंगलवार सुबह से दोपहर डेढ़ बजे तक रेस्क्यू चलाया गया। लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इसके बाद रेस्क्यू बंद कर दिया गया है। ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित होकर खाईं में गिरा डंपर यह घटना सोमवार रात की है जब गिट्टी से भरा एक डंपर बक्सवाहा से बटियागढ़ की ओर जा रहा था। गेवलारी की पुलिया के पास डंपर के ब्रेक फेल हो गए, जिससे वह अनियंत्रित होकर 25 फीट नीचे गिर गया। तीन लोगों की हादसे में हुई मौत हादसे में मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई थी। इनकी पहचान बंधा निवासी नितेंद्र यादव और मगरौन निवासी धर्मेंद्र लोधी के रूप में हुई थी। दोनों शवों को बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया था। गंभीर रूप से घायल शाहबाज हुसैन को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। चौथे युवक के लिए चलाया जा रहा रेस्क्यू स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया था कि डंपर में चार लोग सवार थे। घटना के बाद रात में भी रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया था, लेकिन अंधेरा होने के कारण इसे रोक दिया गया। मंगलवार सुबह बटियागढ़ पुलिस की मौजूदगी में तलाशी अभियान फिर से शुरू किया गया, लेकिन चौथे युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि संभवतः चौथा युवक रास्ते में कहीं डंपर से उतर गया होगा। चूंकि हादसे में तीनों प्रत्यक्षदर्शियों की मौत हो चुकी है, इसलिए चौथे व्यक्ति के बारे में कोई पुख्ता जानकारी उपलब्ध नहीं है। बटियागढ़ थाना प्रभारी रजनी शुक्ला सुबह से ही रेस्क्यू ऑपरेशन स्थल पर मौजूद हैं।


