हनुमानगढ़ के टिब्बी तहसील क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। गांव राठीखेड़ा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खाराखेड़ा निवासी मनजीत सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका भाई नानक सिंह 19 दिसंबर को बाइक से गांव कुलचंद्र में काम से गया था। रात करीब 8 बजे वह खाराखेड़ा लौट रहा था। इसी दौरान, गांव के बाहर पीरजी के मंदिर के पास एक अज्ञात वाहन ने तेज और लापरवाही से चलाते हुए नानक सिंह की बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में नानक सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर ग्राम पंचायत प्रशासक ने मनजीत सिंह को फोन पर जानकारी दी। घायल नानक सिंह को तुरंत हनुमानगढ़ टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें श्रीगंगानगर के एक अस्पताल रेफर कर दिया गया। श्रीगंगानगर में इलाज के दौरान नानक सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
मामले की जांच एएसआई दुलाराम को सौंपी गई है। वे घटनास्थल का मुआयना कर रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश कर रहे हैं।


