टीकमगढ़ में मंगलवार को नगर पालिका परिषद की बैठक हंगामेदार रही। शुरुआत में ही बंडा नहर के जीर्णोद्धार से संबंधित प्रस्ताव पर भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। भाजपा पार्षद अभिषेक खरे ने आरोप लगाया कि बंडा नहर के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव गिराने का झूठा आरोप पार्षदों पर लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्षदों ने तीन बिंदुओं के अलावा शहर विकास से जुड़े अन्य मुद्दों को शामिल कर जल्द परिषद की बैठक बुलाने की बात कही थी। खरे के अनुसार जानबूझकर बैठक में देरी की गई और प्रस्ताव गिराने का आरोप भाजपा पार्षदों पर मढ़ा गया, जबकि जनहित में सभी भाजपा पार्षद बंडा नहर के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव पारित कराना चाहते हैं। इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्षद अनीस खान और भाजपा पार्षदों के बीच काफी देर तक बहस चली। हालांकि, बाद में सभी की सहमति से प्रस्ताव पारित कर दिया गया। 98 बिंदुओं पर हुई चर्चा बैठक में 98 बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला, नपा अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार, सीएमओ ओमपाल सिंह भदोरिया, नपा उपाध्यक्ष सुषमा संजय नायक, पूनम जायसवाल, राजीव जैन सहित भाजपा और कांग्रेस के पार्षद मौजूद रहे। इसके अलावा, बंडा नाला के डी.एफ.ओ बंगला के पीछे खादी आश्रम की पुलिया से राजा की दीवाल तक आर.सी.सी कवर्ड पक्का नाला निर्माण कार्य शामिल था। विभिन्न मार्केटों में रिक्त दुकानों की नीलामी, लंबे समय से प्रीमियम राशि जमा न करने वाले दुकानदारों की दुकानें निरस्त कर पुनः नीलामी, दुकानों के मासिक किराये में वृद्धि, बाजार बैठकी, बस स्टैंड फीस और पार्किंग शुल्क वसूली पर भी विचार किया गया। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री आवास 2.0 के तहत पात्र पाए गए 18 हितग्राहियों का अनुमोदन, ढोगा कृषि उपज मंडी के पास निर्माणाधीन 288 यूनिट EWS फ्लैटों के समीप 193 LIG प्लॉटों के विक्रय की स्वीकृति और जिला कलेक्ट्रेट प्रांगण में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा स्थापित किए जाने की स्वीकृति पर भी चर्चा हुई।


