रीट-प्रकरण में हो चुकी जांच, फिर भी स्थायीकरण नहीं:शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर से मिला; बोले-निपटारा नहीं हुआ तो आंदोलन होगा

शिक्षकों की राज्य से बाहर की डिग्री और रीट प्रकरण की जांच सक्षम अधिकारी स्तर पर होने के बावजूद स्थायीकरण नहीं किया जा रहा। इस मामले को लेकर मंगलवार को जालोर में राजस्थान शिक्षक संघ (प्रगतिशील) की जिला शाखा का प्रतिनिधि मंडल जिलाध्यक्ष जयकरण खिलेरी के नेतृत्व में जिला कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा.शि.) से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने शिक्षकों के लंबे समय से लंबित स्थायीकरण के मालों को जल्दी निपटाने की मांग की। SOG से मार्गदर्शन लेने की बात कही थी संगठन के संरक्षक पूनमचंद बिश्नोई ने बताया- जिन शिक्षकों की बाहरी डिग्री की जांच निदेशक स्तर पर हो चुकी है। जिनके रीट प्रकरणों की जांच जिला शिक्षा अधिकारी कर चुके हैं, उन शिक्षकों का स्थायीकरण मुख्य कार्यकारी अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी अब तक नहीं कर पाए हैं। इस संबंध में संगठन ने पहले भी मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद जालोर से बात की थी। तब स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) जयपुर से मार्गदर्शन लेकर प्रकरणों के निपटारे की बात कही गई थी। इसके तहत संगठन प्रतिनिधियों ने 15 दिसंबर को जयपुर में SOG के उपमहानिरीक्षक विशाल बंसल से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की। प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर से आग्रह किया कि स्थायीकरण की प्रक्रिया को जल्दी पूरा कराया जाए। इस पर जिला कलेक्टर ने संगठन को 24 दिसंबर तक निपटारा किए जाने का आश्वासन दिया था। निपटारा नहीं तो आंदोलन होगा इससे पहले संगठन ने जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा.शि.) से भी चर्चा की थी। जिसमें बताया गया था कि बाहरी राज्य से प्राप्त डिग्रियों और रीट प्रमाण पत्रों की जांच पूरी हो चुकी है। तब सदस्यों ने SOG से मार्गदर्शन लेने के लिए पत्र लिखने का आग्रह किया था। संगठन के जिलाध्यक्ष जयकरण खिलेरी ने कहा- अगर 31 दिसंबर तक निपटारा नहीं हुआ तो जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देंगे। इसकी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की होगी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामनिवास साहू ने कहा- जरूरत पड़ी तो शिक्षा विभाग कार्यालय का घेराव करेंगे। महामंत्री राजूराम सारण ने कहा- समय रहते समाधान नहीं हुआ तो जोरदार आंदोलन करेंगे। बैठक में चितलवाना ब्लॉक अध्यक्ष घमाराम सारण, महासंघ चितलवाना ब्लॉक महामंत्री सोहनलाल पूनिया, बागोड़ा ब्लॉक अध्यक्ष चौथाराम बोला, प्रदेश पदाधिकारी मोहनलाल साहू, गणपतलाल साहू, ओमप्रकाश साहू, भीखाराम सियाग, हरीश साहू, मूलाराम जानी, सुरेश बिश्नोई, रमेश खोखर, स्नेहलता, मीनाक्षी, पूनम, कमला कुमारी, निरमा कुमारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *