मासलपुर में खेलकूद प्रतियोगिता में उमड़े टीचर्स:जिला स्तरीय शिक्षक खेलकूद प्रतियोगिता में 192 शिक्षक ले रहे भाग

करौली जिले के मासलपुर में शिक्षा विभाग की 36वीं जिला स्तरीय शिक्षक खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता मंगलवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुरू हुई। दो दिवसीय इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों का चयन कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए दल का गठन करना है। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) इंद्रेश तिवारी की मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। एडीओ प्रारंभिक शिक्षा राधा रमन शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इंद्रेश तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की महत्वपूर्ण धुरी होते हैं। उन्होंने खेलों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। तिवारी ने शिक्षकों से जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर करौली जिले का नाम राज्य स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया। अध्यक्षीय संबोधन में राधारमन शर्मा ने खेल भावना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन और निरंतर सीखने की प्रेरणा भी देते हैं। विशिष्ट अतिथि एसोसिएट प्रोफेसर रचना शर्मा ने बताया कि खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों में अवसाद, धैर्य की कमी और गुस्से जैसी समस्याओं पर सकारात्मक नियंत्रण में सहायक होती हैं। छात्राओं ने दी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलन और प्रतियोगिता ध्वज फहराकर किया गया। आयोजन समिति के प्रधानाचार्य रामेश्वर जाटव और शारीरिक शिक्षक हरिचरण मीणा सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं ने इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मंच संचालन शारीरिक शिक्षक वेदरत्न जर्मनी ने किया। 192 टीचर्स ले रहे हिस्सा
आयोजन समिति के सदस्य योगेंद्र सिंह सुल्तानोत ने बताया कि 23 से 24 दिसंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के कुल 192 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इसमें वॉलीबॉल, कबड्डी, शतरंज, एथलेटिक्स (100, 200, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक), एकल नृत्य, समूह गान और विचित्र वेशभूषा जैसी विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक स्पर्धाएं शामिल हैं। प्रतियोगिता के शुरुआती परिणामों में शतरंज स्पर्धा में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोडर के रामभरोसी स्वर्णकार ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, हिंडौन सिटी के अमित कुमार गोड को पराजित किया। वॉलीबॉल में टोडाभीम ब्लॉक टीम ने मासलपुर ब्लॉक टीम को 2-0 से हराया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *