धम्बोला थाना क्षेत्र में भंडारी चौराहे पर एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से 2 बाइक आमने सामने भीड़ गई। हादसे में बाइक सवार 3 बच्चों के पिता की मौत हो गई। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार अन्य युवक घायल हो गया, जिसे गुजरात के मोडासा अस्पताल में भर्ती करवाया है। धम्बोला थाना पुलिस के अनुसार रमण (35) पुत्र कुबेर डामोर निवासी रातीबाड़ी ट्रैक्टर ड्राइवर है। वह बाइक लेकर पीठ से सरथूना की तरफ जा रहा था। भंडारी चौराहे पर पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने रमण की बाइक को टक्कर मार दी। इससे रमण की बाइक आगे आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में रमण ओर दूसरी बाइक पर सवार धर्मराज दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रमण को डूंगरपुर अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टर ने रमण को मृत घोषित कर दिया, जबकि धर्मराज के परिवार के लोग उसे इलाज के लिए गुजरात के मोडासा अस्पताल लेकर गए। वहा उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पर धम्बोला थाना पुलिस डूंगरपुर अस्पताल के मॉर्च्युरी पहुंची। शव को अस्पताल के मॉर्च्युरी में रखवाया। जहां मंगलवार शाम को शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। वहीं, कार चालक के खिलाफ एक्सीडेंट का केस दर्ज करवाया गया है। फिलहाल पुलिस घटना को लेकर जांच कर रही है।


