धौलपुर सदर थाना पुलिस ने एक मकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया है। सदर थानाधिकारी महेश मीना के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भूरापुरा निधेरा कला, कौलारी, धौलपुर निवासी अनिल (29) पुत्र हरीदेव को गिरफ्तार किया है।
अनिल पर 2 दिसंबर की रात प्रबल बिहार कॉलोनी, मित्तल फैक्ट्री के पीछे, सदर थाना क्षेत्र में चोरी करने का आरोप है। शिकायतकर्ता राजवीर पुत्र कन्हैया (35) निवासी परमल विहार कॉलोनी ने 3 दिसंबर को सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 2 दिसंबर की रात करीब 1-2 बजे अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गया और बक्से से सामान चुरा लिया।
राजवीर ने अपनी रिपोर्ट में एक कंदौनी, करीब 500 ग्राम वजनी तोड़िया, एक तोला वजनी मंगलसूत्र, दो मोबाइल फोन और 10 हजार रुपए नकद सहित 4 साड़ियां चोरी होने की जानकारी दी थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी अनिल के कब्जे से 2 मोबाइल फोन, चांदी की एक जोड़ी तोड़िया और चांदी के 14 बिछुए बरामद किए हैं।


