कोटा के सिटी पार्क में राउंड टेबल इंडिया द्वारा आयोजित दो दिवसीय विंटर वंडरलैंड महोत्सव का भव्य आगाज़ हुआ। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि उद्घाटन किसी वीआईपी ने नहीं, बल्कि सरकारी स्कूल के बच्चों ने फीता काटकर किया। इससे आयोजन का सामाजिक सरोकार स्पष्ट रूप से सामने आया। पूरे सिटी पार्क को क्रिसमस और विंटर सीजन थीम पर सजाया गया। रूई से बनाए गए कृत्रिम बर्फ के पहाड़, विशाल क्रिसमस ट्री और चमचमाते सितारों ने बच्चों व युवाओं को खूब आकर्षित किया। सांता क्लॉज की वेशभूषा में कलाकार बच्चों को चॉकलेट बांटते नजर आए। लाइव बैंड पर युवाओं ने जमकर डांस किया, वहीं फूड जोन और विभिन्न झूले भी आकर्षण का केंद्र रहे। राउंड टेबल इंडिया के चेयरमैन रोहिताब सोनी ने बताया कि विंटर वंडरलैंड से होने वाली आय का उपयोग महावीर नगर गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विकास में किया जाएगा। यहां नए कक्षा-कक्ष और आधुनिक टॉयलेट ब्लॉक का निर्माण होगा। सचिव निखिल अग्रवाल और कोषाध्यक्ष शुभदीप शर्मा ने बताया कि इस वर्ष 18 से अधिक कलाकार अपनी प्रस्तुति दे रहे हैं। गिनीज बुक रिकॉर्डधारी बुल ऑफ आर्टिस्ट, मैजिशियन, बबल आर्टिस्ट, बैले डांसर्स, रूसी कलाकारों की परेड और रंगीन क्रिसमस मार्केट दर्शकों के लिए खास आकर्षण हैं। महोत्सव के मुख्य प्रायोजक ओरिलाइट लाइफ स्पेसेस हैं।


