सूरजपुर जिले के ग्राम कोट पटना में मंगलवार सुबह धान बेचने के विवाद पर दो भाईयों के परिवार में खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में बड़े भाई एवं उनके परिवार ने छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी वहीं भाई की पत्नी सहित दूसरे पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम कोट पटना के बछियाबांध पारा निवासी आनंद राम का अपने बड़े भाई भोला के साथ पुस्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार को धान की फसल समर्थन मूल्य में बेचने के मुद्दे पर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गया, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों से लाठी-डंडे से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। छोटे भाई की मौत, पत्नी सहित तीन घायल
मारपीट में आनंद राम, उसकी पत्नी बसंती सहित दूसरे पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने आनंद राम को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी बसंती का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। दूसरे पक्ष के दो घायलों को गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया है। विधायक हॉस्पिटल पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक भूलन सिंह मरावी जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। मामले में रामानुजनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। मृतक आनंद राम के बेटे ने बताया कि पुश्तैनी जमीन का बंटवारा नहीं हुआ है। दोनों भाईयों का परिवार आपसी सामंजस्य से वर्षों से खेती कर रहे हैं। भोला राम का परिवार समर्थन मूल्य पर अकेले धान बेच रहा था। इसपर आनंद राम ने आपत्ति की थी। आपत्ति के बाद भोला राम के धान बेचने पर रोक लगा दी गई थी। धान बेचने पर लगी रोक को लेकर दोनों भाईयों के परिवार के बीच विवाद चल रहा था, जो आज हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


