लांगरा थाना पुलिस ने अवैध खनन और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को भांकरी गांव स्थित उसके घर से पकड़ा गया। थानाधिकारी लाल बहादुर ने बताया कि 24 सितंबर को अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पहाड़ी क्षेत्र में पहुंची थी। मौके पर पुलिस को देखकर तीन लोग खनन उपकरण और ट्रैक्टर छोड़कर जंगल की ओर भाग गए थे। बाद में सूचना के आधार पर उनकी पहचान भांकरी निवासी विजय सिंह मीना, भरतू मीना और कल्लू मीना के रूप में हुई। क्षेत्र दुर्गम होने के कारण आरोपी उस समय फरार हो गए थे। मौके की तलाशी में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर वायर, गुल्ले, ड्रिल मशीन, लोहे की रॉड, सब्बल, हथौड़े और अन्य खनन उपकरण बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के विस्फोटक सामग्री का उपयोग कर अवैध रूप से पत्थर निकाल रहे थे। इससे मानव जीवन और संपत्ति को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। इस संबंध में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, बीएनएस और एमएमडीआर एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने गांव भांकरी में दबिश देकर वांछित आरोपी विजय सिंह मीना को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से अवैध खनन नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों के संबंध में गहन पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई में थाना लांगरा की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने अवैध खनन और विस्फोटक सामग्री के दुरुपयोग के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।


