इंदौर में हेलमेट नहीं लगाने वालों पर जगह-जगह चेकिंग कर चालानी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही लोगों को हेलमेट लगाने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पलासिया पर जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस ने न केवल उन लोगों को रोका, जिन्होंने हेलमेट नहीं लगाया था, बल्कि उन्हें भी रोका, जिन्होंने हेलमेट पहन रखा था। हेलमेट पहनकर चलने वालों को पुलिस कमिश्नर ने गिफ्ट बांटे और उनसे हेलमेट लगाने के कारण भी जाने। लोगों ने अपने अनुभव भी साझा किए। वहीं, दूसरी ओर जिन्होंने हेलमेट नहीं लगाया था, उनके चालान बनाए गए और इसके बाद उन्हें हेलमेट भी बांटे गए। पुलिस कमिश्नर ने युवा, बुजुर्ग और जरूरतमंद ऐसे वाहन चालकों को भी हेलमेट वितरित किए, जिनके पास रजिस्ट्रेशन, लाइसेंस और अन्य दस्तावेज पूरे थे। पुलिस कमिश्नर ने गाड़ी चलाने वालों से कहा कि लगातार शहर के सुगम, सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए आम लोगों को जागरूक करने और सड़क सुरक्षा में उनकी सहभागिता के लिए नित नए कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य यही है कि वाहन चालक सड़क सुरक्षा नियमों की गंभीरता को समझे और स्वेच्छा से यातायात नियमों का पालन करें। इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए जिम्मेदार वाहन चालकों को आगे आना चाहिए और अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना चाहिए।


