साइबर फ्रॉड:हार्डवेयर कारोबारी से क्रिप्टो करेंसी ट्रेडिंग के बहाने पांच लाख ठगे

– सोशल मीडिया पर लड़की के नाम से आई फ्रेंड रिक्वेस्ट, लिंक भेज रजिस्ट्रेशन के बहाने दिलाया भरोसा जोधपुर शहर के एक हार्डवेयर कारोबारी को क्रिप्टो करेंसी में ट्रेडिंग से बड़ा मुनाफा कमाने का झांसा दे शातिर साइबर ठगों ने पांच लाख रुपए की ठगी कर डाली। इसका अहसास होने के बाद कारोबारी ने ऑनलाइन साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत की। तत्पश्चात उसी आधार पर प्रताप नगर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। कमला नेहरू नगर के सेक्टर डी में रहने वाले राजेश धूत पुत्र फूलचंद ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनका हार्डवेयर का कारोबार है। जुलाई 2024 को उनके पास फेसबुक से स्वाति स्नेहा के नाम से एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। इसे एक्सेप्ट करने के बाद कुछ दिनों की बातचीत में स्वाति स्नेहा ने वाट्सएप नंबर से धूत के मोबाइल नंबर पर मैसेज किया। इसमें उसने बताया कि उसके अंकल, जो अमेरिका में रहते हैं, उनको क्रिप्टो करेंसी की ट्रेडिंग में 20 साल का अनुभव है। वो स्वाति स्नेहा को टिप भेजते हैं, जिसमें निश्चित लाभ होता है। स्वाति स्नेहा नामक लड़की ने धूत को भी क्रिप्टो करेंसी ट्रेडिंग में रुपए लगाकर अच्छा मुनाफा कमाने का झांसा दिया और विश्वास में लेने के लिए धूत को वेबबूल कस्टमर सर्विस में रजिस्ट्रेशन करवाकर लिंक भेजा। इसके बाद स्वाति स्नेहा ने धूत के वॉट्सएप पर फैडरल बैंक का एक खाता नंबर भेजकर 50 हजार रुपए जमा कराने को कहा। उसकी बातों पर विश्वास कर धूत ने अपने आईसीआईसीआई बैंक के खोते से 7 सितंबर 2024 को 50 हजार रुपए भेज दिए। इसी तरह, 10 सितंबर 2024 को भी स्वाति स्नेहा के बताए बंधन बैंक के एक खाता नंबर में साढ़े चार लाख रुपए भेजे। इसके कई दिनों बाद भी जब धूत को न तो मूल रकम ही वापस मिली और न ही कोई मुनाफा ही मिला। तब उन्हें खुद के साथ हुए फ्रॉड का अहसास हुआ, तो उन्होंने साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। अब प्रताप नगर पुलिस स्वाति स्नेहा नामक लड़की की सोशल मीडिया आईडी, बंधन बैंक और फैडरल बैंक के अकाउंट नंबर्स से शातिरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इस मामले की जांच एएसआई श्रीराम को सौंपी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *