मंदसौर के औद्योगिक क्षेत्र मुल्तानपुरा में मंगलवार शाम जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यशील एवं निर्माणाधीन औद्योगिक इकाइयों का दौरा किया। इस दौरान सांसद सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन और महाप्रबंधक उद्योग विभाग मंगल रायकवार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। भ्रमण के दौरान मेसर्स माणक इंडस्ट्रीज, मेसर्स अनीस इंडस्ट्रीज, मेसर्स विकास इंडस्ट्रीज और मेसर्स वरुण इंडस्ट्रीज सहित स्लेट पेंसिल निर्माण से जुड़े उद्योगों का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने इन उद्योगों की प्रगति, उत्पादन प्रक्रिया और रोजगार की स्थिति के बारे में जानकारी ली। औद्योगिक क्षेत्र मुल्तानपुरा में अब तक कुल 94 औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो चुकी हैं। इनमें से 57 इकाइयों में उत्पादन शुरू हो गया है, जबकि शेष 37 इकाइयां निर्माण या स्थापना प्रक्रिया में हैं और जल्द ही उत्पादन प्रारंभ होने की संभावना है। टोटल 141 इकाइयां स्थापित होने प्रस्तावित
इस औद्योगिक क्षेत्र का कुल रकबा 13.50 हेक्टेयर है, जिसमें से 6.979 हेक्टेयर आवंटन योग्य है। यहां कुल 284 भूखंड आवंटन योग्य थे, जिनमें से 208 आवंटित किए जा चुके हैं। वर्तमान में 76 भूखंड रिक्त हैं और कुल 141 औद्योगिक इकाइयां स्थापित होना प्रस्तावित हैं। इस दौरान सांसद सुधीर गुप्ता ने उद्योगपतियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उद्योगपतियों ने पेयजल और स्ट्रीट लाइट की समस्या उठाई, जिस पर सांसद ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित प्रमुख उद्योगों में मेसर्स माणक इंडस्ट्रीज (फोम गद्दा निर्माण), मेसर्स अनीस इंडस्ट्रीज (लकड़ी फर्नीचर), मेसर्स विकास इंडस्ट्रीज (लोहे के पलंग) और मेसर्स वरुण इंडस्ट्रीज (लहसुन उत्पाद) शामिल हैं। इन इकाइयों के माध्यम से लाखों रुपए का निवेश हुआ है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं, जिससे मुल्तानपुरा जिले के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।


