सीकर जिले के कटराथल में स्थित शेखावाटी यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट्स एग्जाम फाॅर्म संबंधी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं। SFI के छात्र प्रतिनिधि देवराज हुड्डा ने बताया कि स्टूडेंट्स सुबह से विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट ने अब तक स्टूडेंट्स की कोई सुध नहीं ली है। दिन छिपने के बाद भी कैंपस में धरना जारी है। SFI यूनिवर्सिटी इकाई की सुशीला ने बताया कि AI(आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस), फोरेंसिक और साइबर सिक्योरिटी डिप्लोमा के स्टूडेंट्स एग्जाम फार्म की आवेदन तिथि बढ़ाने, एग्जाम फार्म का नोटिफिकेशन जारी करने व परीक्षा फार्म की बढ़ी हुई फीस कम करने की मांग कर रहे हैं। तीनों कोर्स की फीस अन्य कॉलेज में कम है, इस संबंध में पहले ज्ञापन भी दिया जा चुका है फिर भी यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट फीस बढ़ाकर वसूल रहा है। मांगें पूरी होने तक धरना और विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा।


