झारखंड के रामगढ़ जिले के कुजू थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। थाने से महज 400 मीटर की दूरी पर स्थित मेन रोड पर अंकित पोद्दार के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया। पोद्दार परिवार देवघर में पूजा के लिए गया हुआ था। चोरों ने घर का ग्रिल का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब 7-8 लाख रुपए के जेवरात और 50 हजार रुपए नकद चुरा लिए। चोर सीसीटीवी कैमरा भी अपने साथ ले गए, जिससे उनकी पहचान न हो सके। दरवाजा खुला देख पड़ोसियों ने किया फोन स्थानीय लोगों ने जब घर के बाहर का गेट बंद और अंदर का दरवाजा खुला देखा, तो उन्होंने अंकित पोद्दार को सूचित किया। इसके बाद परिजनों ने कुजू पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। कुजू क्षेत्र में पिछले एक महीने में दर्जनों चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। इससे क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी है।


