गुरदासपुर में ट्रैक्टर की टक्कर से हवलदार की मौत:बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे; परिजन बोले-6 घंटे सड़क पर पड़ा रहा शव

गुरदासपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में आईटीबीपी के एक हवलदार की मौत हो गई। हादसा डेरा बाबा नानक के अंतर्गत धर्मकोट रंधावा पुलिस चौकी के गांव झंगी पन्नवा के पास हुआ। मृतक की पहचान गांव शाहपुर जाजन निवासी सतनाम सिंह के रूप में हुई है। वह आईटीबीपी में हवलदार के पद पर हिमाचल प्रदेश में तैनात थे। सतनाम सिंह 4 दिसंबर को एक महीने की छुट्टी पर अपने घर आए थे। परिजन बोले-6 घंटे सड़क पर पड़ा रहा शव बीते कल, सतनाम सिंह अपने एक रिश्तेदार से मिलने के लिए गांव अवान जा रहे थे। जब वह गांव झंगी पन्नवा के पास पहुंचे, तो सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में सतनाम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पत्नी कुलविंदर कौर और भाई सोढ़ी सिंह ने आरोप लगाया है कि सतनाम सिंह का शव दुर्घटनास्थल पर लगभग 6 घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा, लेकिन किसी ने उसे नहीं उठाया। भाई सोढ़ी सिंह ने कहा कि देश के जवान के साथ ऐसा होना दुर्भाग्यपूर्ण है। मामले की जांच कर रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही डेरा पुलिस थाना के एसएचओ अशोक कुमार और धर्मकोट रंधावा पुलिस चौकी के इंचार्ज नंद भट्टी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बटाला सिविल अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। परिवार के सदस्यों ने न्याय की मांग की है और ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर को जल्द गिरफ्तार करने की अपील की है, जो मौके से फरार हो गया था। सतनाम सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *