धौलपुर के निहालगंज थाना क्षेत्र में जैन मंदिर के पास स्थित दिनेश मेडिकल स्टोर में रविवार शाम को एक चोर ने चालीस हजार रुपए चोरी कर लिए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रविवार शाम एक व्यक्ति ताकत की दवाई और सिरप खरीदने के बहाने दुकान पर आया। जब दुकानदार ग्राहक के लिए दवाई लेने अंदर गया, तो आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए गल्ले में रखे चालीस हजार रुपए दो बार में चुरा लिए। दुकानदार ने बताया कि ये पैसे थोक विक्रेताओं का हिसाब करने के लिए रखे गए थे। चोरी का पता तब चला जब दुकानदार ने गल्ले में पैसों की जांच की। शक होने पर उन्होंने तुरंत सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें आरोपी को साफ तौर पर पैसे निकालते हुए देखा जा सकता है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।


