भिंड जिले में बिजली के खंभों की चोरी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने एक ठेकेदार और दो वाहन चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। लहार और रावतपुरा थाने में दर्ज इन मामलों में बिजली कंपनी के एई (सहायक यंत्री) की शिकायत पर कार्रवाई की गई। बिजली के पोल की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपए है। पहला मामला: लहार थाना क्षेत्र लहार थाना क्षेत्र में रविवार शाम को बिजली कंपनी के एई निरंजन सनोडिया ने सूचना दी कि भिंड-भांडेर रोड बायपास के पास रखे सात लोहे के पोल पिकअप वाहन में लोड कर चोरी किए जा रहे हैं। मौके पर पहुंचने पर ठेकेदार ध्यानेंद्र भदौरिया का सुपरवाइजर राजेश मौजूद थे। हालांकि, स्थानीय लोगों ने बताया कि पोल से भरा वाहन भिंड की ओर गया है। एई ने वाहन (MP07ZE8893) का पीछा करते हुए लपवाहा के पास उसे रोका। वाहन में सात बिजली के लोहे के पोल बरामद हुए, जिन पर “MPMKVVCL/3044/2023” अंकित था। वाहन चालक रंजीत राठौर ने स्वीकार किया कि वह यह पोल राजेश के कहने पर ले जा रहा था। लहार पुलिस ने ठेकेदार ध्यानेन्द्र भदौरिया, सुपरवाइजर राजेश और चालक रंजीत राठौर पर मामला दर्ज कर लिया। दूसरा मामला: रावतपुरा थाना क्षेत्र इसी दिन रावतपुरा थाना क्षेत्र में एई रोहित गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई कि 33 केवी लाइन के लिए रखे पांच लोहे के खंभों को महिंद्रा वाहन (MP07GB0526) में चोरी कर ले जाया जा रहा है। सूचना पर एई और उनकी टीम मौके पर पहुंची और वाहन को घेरकर पकड़ा। वाहन में पांच लोहे के पोल बरामद हुए। वाहन चालक दीपक नागर (22) ने पूछताछ में बताया कि वह खंभे ठेकेदार ध्यानेंद्र भदौरिया, सुपरवाइजर राजेश राठौर और ठेकेदार राजेश चौरसिया के कहने पर ले जा रहा था। रावतपुरा पुलिस ने वाहन, चोरी के खंभे और चालक को जब्त कर आरोपियों पर मामला दर्ज किया। पुलिस की जांच जारी दोनों मामलों में पुलिस ने एक ही ठेकेदार और उसके सुपरवाइजर और दो चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। चोरी के खंभों की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपए है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


