भोपाल में मास्क लगाकर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन:बायपास चौड़ीकरण के लिए पेड़ कटाई का किया विरोध, कहा- करेंगे आंदोलन

भोपाल में अयोध्या बायपास के चौड़ीकरण का काम शुरू होते ही विरोध भी तेज हो गया है। यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए बायपास पर पेड़ों की कटाई की जा रही है, जिसे लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ऑक्सीजन मास्क पहनकर, जेसीबी पर चढ़कर और पेड़ों के बीच पहुंच कर परियोजना का विरोध जताया और पर्यावरण बचाने के नारे लगाए। कांग्रेस ने कहा हजारों पेड़ों की हो रही कटाई
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री ‘एक पेड़ मां के नाम’ की बात करते हैं, दूसरी तरफ यहां हजारों पेड़ों की कटाई की जा रही है। इनमें से कई पेड़ 40-40 साल पुराने हैं, जो लोगों को ऑक्सीजन और जीवन देते हैं। विकास के नाम पर बड़े पैमाने पर पेड़ काटे जा रहे हैं, जिससे आने वाले समय में लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर चलना पड़ सकता है। प्रवीण सक्सेना ने आरोप लगाया कि पेड़ों की कटाई बिना अनुमति की जा रही है और कटी लकड़ियों को अवैध रूप से बेचा जा रहा है। यदि पेड़ काटना बंद नहीं किया गया तो कांग्रेस का हर कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पेड़ों की रक्षा करना जानती है। खराब हवा में दिल्ली के बाद भोपाल
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रवीन्द्र साहू ने कहा कि देश में सबसे खराब वायु गुणवत्ता दिल्ली की है, उसके बाद भोपाल का नंबर आता है। उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस विकास के खिलाफ नहीं है, लेकिन विकास ऐसा होना चाहिए जिसमें पेड़ों की सुरक्षा हो। उन्होंने सुझाव दिया कि फ्लाइओवर बनाए जाएं ताकि पेड़ न काटने पड़ें। रवीन्द्र साहू ने कहा कि सड़कों के दोनों ओर हजारों पेड़ काटे जा चुके हैं और यदि यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में लोगों को ऑक्सीजन मास्क पहनकर बाहर निकलना पड़ेगा। NHAI द्वारा नए पेड़ लगाने के दावे पर उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा कोई पेड़ नजर नहीं आ रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांग की कि विकास कार्यों के लिए फ्लाइओवर बनाए जाएं, न कि पेड़ों की कटाई की जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *