गुलाबी शहर में साहित्य और कला के प्रति समर्पित कार्यक्रमों की श्रृंखला में सरदार पटेल मार्ग स्थित मालार्पण में माही संदेश ‘काव्य-कलम’ के 26वें संस्करण का आयोजन हुआ। गुलाबी सर्दियों के बीच यह कार्यक्रम गीत, गजल, कविता और कला को समर्पित रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य साहित्य और कला को प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार/शायर मनोज मित्तल ‘कैफ़’ और अंतर्राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी व डीवायएसपी राजू लाल चौधरी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। रचनाकारों की बेहतरीन प्रस्तुति कार्यक्रम में आमंत्रित कवि, शायर और कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इनमें राजेन्द्र राजन, मोनिका शर्मा, ज्योत्सना सक्सेना, योगिता शर्मा ‘जीनत’, कृष गौड़, अशोका विश्नोई, शैफ़ाली चौहान, सुजाता पुरोहित, विनोद जोशी, माला रोहित कृष्ण नंदन, विजेंद्र पॉटर, जीनस कंवर जैसे नाम शामिल हैं। मंच संचालन का दायित्व सूर्य प्रकाश उपाध्याय ने कुशलता से निभाया। कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सौरभ जैन की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। सम्मान और पुरस्कार कार्यक्रम के समापन पर माही संदेश के संरक्षक-सलाहकार सुधीर माथुर, प्रधान संपादक रोहित कृष्ण नंदन और चित्रकार चंद्रप्रकाश गुप्ता ने अतिथि कवि-कवयित्रियों को “माही संदेश विंध्य कोकिल भैया लाल व्यास ‘काव्य-कलम’ सम्मान” से सम्मानित किया। साथ ही, स्पर्श: सुरक्षित बचपन के लिए अभिनव पहल के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को “माही संदेश- प्रेमा माथुर-प्रेरणा पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. संकल्प प्रकाश, शिक्षाविद डॉ. दीपा सचदेवा, कबड्डी खिलाड़ी राजू लाल चौधरी, मिनिएचर आर्टिस्ट महेश राज, और कलाकार रोजे ख़ान, बिस्मिल्ला ख़ान शामिल रहे। हर माह आयोजित होता है ‘काव्य-कलम’ माही संदेश के संरक्षक-सलाहकार सुधीर माथुर ने जानकारी दी कि ‘काव्य-कलम’ का आयोजन हर माह “मालार्पण” में किया जाता है। इस मंच के माध्यम से साहित्य, समाज और कला जगत की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन दिया जाता है। यह आयोजन न केवल साहित्यकारों और कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत है, बल्कि जयपुर की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत करता है।


