पोकरण क्षेत्र के लाठी गांव के समीप मंगलवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 पर एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दंपती और उनका दो वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, लाठी निवासी मुस्ताकखां (25) पुत्र शकूरखां, उनकी पत्नी पठानी (22) और दो वर्षीय पुत्र इरफानखां मंगलवार शाम करीब 7 बजे अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर काश्तकारी के लिए नलकूप की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार रिकवरी वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल लाठी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पोकरण रेफर किया गया। पोकरण अस्पताल से भी चिकित्सकों ने तीनों को जोधपुर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर लाठी थानाधिकारी नाथूसिंह चारण और सहायक उपनिरीक्षक पदमचंद पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


