शाहजहांपुर के सांसेडी गांव में एक विवाहिता ने जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। शाहजहांपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के चिकित्सा प्रभारी डॉ. विक्रम यादव के अनुसार, सोमवार को साँसेड़ी निवासी संगीता (30) ने जहर का सेवन किया। संगीता की शादी को करीब 10 साल हो चुके थे। जहर सेवन के बाद परिजन उसे उपचार के लिए नीमराना के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। जयपुर में इलाज के दौरान संगीता की मृत्यु हो गई। मंगलवार को शाहजहांपुर CHC में मृतका का पोस्टमॉर्टम कराया गया और शव ससुराल पक्ष को सौंप दिया गया। शाहजहांपुर थाना प्रभारी प्रकिता ने बताया कि मृतका के पीहर पक्ष ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि ससुराल पक्ष संगीता को 5 लाख रुपए और कार की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित कर रहा था। पीहर पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति, सास, ससुर, देवर और ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के दौरान जांच के लिए आवश्यक सैंपल सुरक्षित कर लिए गए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।


