फाजिल्का की जलालाबाद पुलिस ने मोबाइल चोरी के एक मामले का खुलासा किया है। रेलवे रोड स्थित अमन टेलीकॉम से 7 जनवरी 2025 को हुई चोरी में 45 नए मोबाइल फोन चोरी हुए थे, जिनमें से पुलिस ने 36 मोबाइल बरामद कर लिए हैं। अच्छे कपडे़ पहनने के शौक में युवक ने पहली बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। डीएसपी जतिंदर सिंह गिल के अनुसार, आरोपी सनी, जो कनला के झुग्गी क्षेत्र का रहने वाला है, को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने दुकान में पीछे से सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर से चोरी के मोबाइल बरामद किए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने तीन मोबाइल पहले ही बेच दिए थे और नशे की पूर्ति के लिए ये चोरी की l पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर बाकी बचे मोबाइल की बरामदगी के लिए पूछताछ करेगी। महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि यह आरोपी की पहली वारदात थी। खर्च पूरा करने के लिए बन बैठा चोर आरोपी सनी ने स्वीकार किया कि वह मजदूरी करता है, लेकिन अच्छे कपड़े पहनने के शौक के कारण खर्च पूरा नहीं हो पाता था। इसी शौक को पूरा करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।


