अमृतसर में चाइनीज मांझे ने फिर ली एक जान:18 वर्षीय युवक का गला कटा, सामान लाने बाइक से जा रहा था अजनाला रोड

अमृतसर में चाइना डोर की वजह से एक और जान चली गई। लोहड़ी के दिन अजनाला रोड पर बाइक से जा रहे 18 वर्षीय पवन की चाइना डोर से गला कटने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद युवक को तुरंत अजनाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वो घर से सामान लेने के लिए निकला था, बाइक से अजनाला रोड की ओर जा रहा था। रास्ते में पतंग की एक डोर कट कर गिरी थी, जिसमें उसका गला फंस गया और कट लग गया। घटना के बाद लोगों ने उसे हॉस्पिटल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पिछले दिनों ड्रोन के माध्यम से निगरानी की और युवाओं को चेतावनी भी दी, लेकिन इसका कोई खास असर नहीं हुआ। मृतक के परिजनों ने चाइना डोर पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से दो दिन पहले ही आदमपुर में एक व्यक्ति की चाइना डोर से गले की नस कट गई थी। जिसके बाद चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। प्रशासन द्वारा चाइना डोर पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद न तो दुकानदार इसकी बिक्री रोक रहे हैं और न ही लोग इसके इस्तेमाल करने से बच रहे हैं। इससे पहले अमृतसर में ही एक बॉडी बिल्डर की भी मौत हुई थी जिसका भी गला डोर से लिपटकर कट गया था। अमृतसर पुलिस लगातार लोगों को चाइना डोर के खतरों के प्रति जागरूक करने का प्रयास कर रही है, लेकिन लोहड़ी के अवसर पर भी शहर में इस खतरनाक डोर का जमकर इस्तेमाल देखा गया। यह घटना एक बार फिर चाइना डोर के खतरों को रेखांकित करती है और कड़े प्रतिबंधों की आवश्यकता की ओर इशारा करती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *