मंदसौर में वीर बाल दिवस के अवसर पर मंगलवार शाम जिला चिकित्सालय के सामने ऐतिहासिक चित्रों पर आधारित एक प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। यह प्रदर्शनी सिख धर्म के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह और उनके वीर पुत्रों साहिबजादों जोरावर सिंह तथा फतेह सिंह के अद्वितीय बलिदान, शहादत और राष्ट्रभक्ति को समर्पित है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य ऐतिहासिक चित्रों के माध्यम से इन बाल वीरों के शौर्य, साहस और देशप्रेम को जीवंत रूप में प्रस्तुत करना है। इसका लक्ष्य आमजन, विशेषकर नई पीढ़ी को उनके सर्वोच्च बलिदान से प्रेरणा देना है। राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि बाल वीरों के शौर्य, साहस और राष्ट्रभक्ति को समर्पित यह प्रदर्शनी नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना जागृत करने का एक प्रेरणादायी माध्यम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास का एक गौरवपूर्ण अध्याय है, जिससे युवाओं को सदैव प्रेरणा लेनी चाहिए। नगर पालिका अध्यक्ष रामादेवी गुर्जर ने भी ने बताया कि यह प्रदर्शनी बच्चों और युवाओं में राष्ट्रप्रेम, त्याग और साहस की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, मंदसौर संभाग प्रभारी सुरेश आर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित, प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिसौदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार, समाजसेवी गुरुचरण बग्गा, गोपाल पटवा और कार्यक्रम के जिला प्रभारी प्रीतेश चावला सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और समाजजन उपस्थित रहे। देखिए तस्वीरें…


