प्रॉपर्टी विवाद में बहु पर फेंका ज्वलनशील पदार्थ, झुलसी

भास्कर न्यूज |लुधियाना प्रॉपर्टी विवाद को लेकर ससुर और ताया ससुर पर बहु को घर से बेदखल करने के लिए उस पर कथित तौर पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने का आरोप लगा है। घटना नौ लखा गार्डन कॉलोनी में 21 दिसंबर की सुबह 10:30 बजे के करीब हुई है। जिसमें महिला बुरी तरह झुलस जाने की जानकारी मिली है। पीड़िता गुड़िया पत्नी अक्षित जैन ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह अपने परिवार के साथ नौलखा गार्डन कॉलोनी में रहती है, जबकि उसके ससुर संजय जैन और ताया ससुर रजनीश जैन उसी मकान के नीचे वाले हिस्से में रहते हैं। गुड़िया का आरोप है कि दोनों आरोपी लंबे समय से उसे घर खाली करने के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे और आए दिन झगड़ा करते थे। पीड़िता के अनुसार घटना 21 दिसंबर की सुबह करीब 10 बजे की है। उस समय वह रसोई में काम कर रही थी, तभी आरोपियों ने उस पर कोई जहरीला पदार्थ फेंक दिया। पदार्थ गिरते ही उसका शरीर जलने लगा और वह दर्द से चीखने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संजय जैन और रजनीश जैन के खिलाफ केस दर्ज करवाया। मामले में थाना डिवीजन-3 से जांच अधिकारी सुलखन सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश और पूछताछ जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *